Wed. Sep 30th, 2026

जनपद के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बेहडेकी सैदाबाद गांव के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में होमगार्ड का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की छानबीन में जुट गई है। बताया जा रहा है कि मृतक होमगार्ड की उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में तैनाती थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।

झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बेहेडकी सैदाबाद गांव निवासी अरविंद उम्र 50 वर्ष उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में होमगार्ड में तैनात था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह खेत में गन्ने की पाती जलाने के लिए गया था, जब वह शाम तक घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने नौकर को खेत मे देखने के लिए भेजा। खेत में नौकर को अरविंद का अधजला शव खेत में पड़ा हुआ मिला। शव देखकर नौकर ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और ने मृतक का शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवाया दिया। झबरेड़ा थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल उन्होंने गन्ने की पाती में लगी आग की चपेट में आने से उसकी मौत होने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *