Wed. Oct 21st, 2026

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में आज 21 अक्टूबर और कल 22 अक्टूबर को सभी 13 जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर समेत मैदानी व पर्वतीय क्षेत्रों में चटख धूप खिली रहेगी. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन दो दिनों के लिए किसी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. मैदानी भागों में दिन के समय गुनगुनी धूप से राहत मिलेगी, जबकि सुबह और रात के तापमान में हल्की गिरावट के साथ ठंडक बनी रहेगी.
23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक उत्तराखंड के मौसम में हल्का बदलाव दर्ज किया जाएगा. इस दौरान प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही 3500 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में हल्की बर्फबारी और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का अनुमान जताया गया है. हालांकि, राज्य के बाकी 8 जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क ही बना रहेगा.
उत्तरकाशी, जोशीमठ (चमोली) और केदारनाथ घाटी (रुद्रप्रयाग) में 23 अक्टूबर से बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है. पिथौरागढ़ और बागेश्वर के सीमांत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 3500 मीटर से ऊपर बर्फबारी होने से आसपास की घाटियों में शीत लहर का प्रभाव बढ़ जाएगा. यदि आप आगामी दिनों में ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों या ट्रैकिंग पर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो गर्म कपड़ों के साथ पूरी तैयारी रखें, क्योंकि आगामी बारिश और बर्फबारी से पारे में खासी गिरावट देखने को मिलेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *